HomeUncategorizedसरगुजा रेंज आईजी दीपक झा ने किया जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण,...

सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा ने किया जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण, पुलिस परेड की ली सलामी


जशपुर। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री दीपक झा ने मंगलवार को जशपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर में भव्य परेड की सलामी ली और पुलिस बल के अनुशासन, वेश-भूषा तथा कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया। आईजी ने रक्षित केंद्र की विभिन्न शाखाओं, जैसे वाहन, कैश, स्टोर और पुलिस कैंटीन का जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।


इसके पश्चात आयोजित पुलिस दरबार में आईजी श्री दीपक झा ने जिले के पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी ज्ञान की नितांत आवश्यकता है, इसलिए सभी कर्मचारियों को कंप्यूटर की जानकारी रखनी चाहिए ताकि आधुनिक पुलिसिंग को बेहतर ढंग से संपादित किया जा सके। उन्होंने पुलिसकर्मियों को सख्त अनुशासन में रहने, उत्तम गणवेश धारण करने और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी।


निरीक्षण के दौरान आईजी ने पुलिस बल को नशे से दूर रहने और भ्रष्टाचार से बचने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की छवि जनता के बीच एक ईमानदार और जिम्मेदार संस्था के रूप में बनी रहनी चाहिए और यदि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता किसी आपराधिक गतिविधि में पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सिटी कोतवाली और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का भी निरीक्षण किया और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण तथा कार्यालयीन कार्यों में पारदर्शिता लाने के निर्देश दिए।


इस वार्षिक निरीक्षण के अवसर पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पटनवार सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, उप पुलिस अधीक्षक और विभिन्न थानों के प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular