HomeUncategorizedस्कूली बच्चों की सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का फोकस, 15 स्कूल बसों...

स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर जशपुर पुलिस का फोकस, 15 स्कूल बसों की हुई सघन जांच….

जशपुर, 15 जून 2026। जिले में नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने से पहले स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जशपुर पुलिस, परिवहन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम द्वारा रक्षित केंद्र जशपुर में स्कूल बस जांच एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान जिले की 15 स्कूल बसों की फिटनेस, दस्तावेजों और सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में बसों के पंजीयन प्रमाण पत्र, परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र (PUC), रोड टैक्स तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस का परीक्षण किया गया। साथ ही वाहन चालकों एवं परिचालकों को यातायात नियमों का पालन करने, नशामुक्त रहकर वाहन चलाने तथा बच्चों को सुरक्षित तरीके से बस में चढ़ाने-उतारने संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बस चालकों और परिचालकों का नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी) एवं शुगर जांच कर स्वास्थ्य परीक्षण भी किया। वहीं पुलिस की वाहन शाखा द्वारा बसों के हेडलाइट, ब्रेक लाइट, स्टीयरिंग, टायर, क्लच, एक्सीलेटर, सीटों की स्थिति, हॉर्न एवं रिफ्लेक्टर सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का निरीक्षण किया गया।

अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा तथा नगर सेना के जवानों ने बसों में आग लगने जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए बचाव एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। इसके अलावा बसों में जीपीएस, सीसीटीवी कैमरा, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन खिड़की, फर्स्ट एड किट, अग्निशमन यंत्र तथा स्कूल बसों से संबंधित अन्य अनिवार्य सुरक्षा मानकों की भी जांच की गई।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा जशपुर पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर विशेष जांच एवं जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि जिले में स्कूल परिवहन व्यवस्था सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular