HomeUncategorizedस्कॉर्पियो व बुलेट में स्टंटबाजी करते युवकों का हुआ था वीडियो वायरल,...

स्कॉर्पियो व बुलेट में स्टंटबाजी करते युवकों का हुआ था वीडियो वायरल, जशपुर पुलिस ने लिया संज्ञान स्कॉर्पियो व बुलेट को ढूंढ ,की गई मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही,


जशपुर। जशपुर पुलिस ने सड़क पर खतरनाक स्टंट कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले युवकों के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें कुछ किशोर सारुडीह के पठार पर काले रंग की स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक पर जानलेवा स्टंट करते नजर आ रहे थे। इस वीडियो में युवक स्कॉर्पियो की खिड़कियों से बाहर शरीर निकालकर और हाथ में बोतल लहराते हुए लापरवाही से वाहन चला रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल संज्ञान लेने के निर्देश दिए, जिसके बाद सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस हरकत में आई।


पुलिस टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और स्टंट में शामिल वाहनों को ढूंढ निकाला। इसमें स्कॉर्पियो क्रमांक JH-01-FC-1960 शामिल थी, जिसे सारुडीह निवासी 25 वर्षीय अविनाश एक्का चला रहा था। वहीं, बुलेट क्रमांक JH-01-BN-4563 की भी पहचान की गई, जिस पर एक युवती स्टंट कर रही थी। पुलिस ने इन दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है, जबकि एक अन्य बिना नंबर की स्कॉर्पियो की तलाश अभी जारी है। इन सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 और 66/192 के तहत कड़ी वैधानिक कार्यवाही की जा रही है और पूरे प्रकरण को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।


सिर्फ कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि पुलिस ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए स्टंटबाजी में शामिल युवक-युवतियों के परिजनों को थाने बुलाया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को सख्त लहजे में समझाया कि इस तरह के स्टंट न केवल उनके बच्चों की जान ले सकते हैं, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष लोगों के लिए भी काल बन सकते हैं। पुलिस ने अपील की है कि जीवन अनमोल है, इसे चंद सेकंड की रील या दिखावे के लिए जोखिम में न डालें।


जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और शराब पीकर वाहन चलाने या स्टंटबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार पैनी नजर रख रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular