HomeUncategorizedजशपुर पुलिस का 'ऑपरेशन अंकुश': मृतका को जिंदा करने का ढोंग रचने...

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन अंकुश’: मृतका को जिंदा करने का ढोंग रचने वाले दो फरार बैगा गिरफ्तार, निर्दोष महिला पर टोनही का आरोप लगा फैलाई थी सनसनी


जशपुर। जिले में अंधविश्वास और कुरीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत दुलदुला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को गुमराह करने और एक निर्दोष महिला को ‘टोनही’ बताकर प्रताड़ित करने के मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है। इन ढोंगी बैगाओं ने न केवल मृत महिला को पुनर्जीवित करने का झूठा दावा किया था, बल्कि अपनी नाकामी छुपाने के लिए गांव की ही एक महिला की जान जोखिम में डाल दी थी।


मामले की जड़ें ग्राम भिंजपुर से जुड़ी हैं, जहां रायपुर निवासी सुनीता भगत की अचानक मृत्यु हो गई थी। परिजनों को शक था कि उसकी मौत सामान्य नहीं है, जिसके बाद उन्होंने तांत्रिकों से संपर्क किया। आरोपी रत्थू राम चौहान और विरनची महतो ने अपने साथियों के साथ मिलकर परिजनों को विश्वास दिलाया कि वे तंत्र-मंत्र के जरिए मृतिका को जिंदा कर देंगे। इस झांसे में आकर परिजनों ने उन्हें मोटी रकम भी दी। आरोपियों ने श्मशान घाट पर मृतिका की कब्र के पास तांत्रिक क्रियाएं शुरू की और परिजनों से और अधिक पैसों की मांग करने लगे।


जब परिजनों ने पहले महिला को जिंदा करने की शर्त रखी, तो अपनी पोल खुलती देख शातिर बैगाओं ने गांव की ही फौसी बाई नामक महिला पर टोनही होने का झूठा आरोप मढ़ दिया। उन्होंने परिजनों को भड़काया कि इस महिला के जादू-टोने के कारण ही मृतिका जिंदा नहीं हो पा रही है। बैगाओं की बातों में आकर मृतिका के परिजनों ने पीड़िता के साथ जमकर मारपीट और बदसलूकी की। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए पूर्व में 8 आरोपियों को जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य बैगा रत्थू राम और विरनची फरार चल रहे थे।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों का पीछा किया और अंततः उन्हें जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के ग्राम लेंथरा से धर दबोचा। पुलिस ने आरोपियों के पास से तंत्र-मंत्र में प्रयुक्त होने वाली बंदर की हड्डी और अन्य सामग्री भी जप्त की है। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


इस गंभीर मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे टोनही जैसे सामाजिक अंधविश्वास से दूर रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैज्ञानिक युग में इस तरह की कुरीतियां न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि समाज के लिए भी घातक हैं। पुलिस ऐसी घटनाओं पर ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत निरंतर सख्त कार्यवाही करती रहेगी।

क्या

RELATED ARTICLES
Jharkhand
scattered clouds
17.8 ° C
17.8 °
17.8 °
56 %
2.2kmh
49 %
Thu
29 °
Fri
29 °
Sat
29 °
Sun
30 °
Mon
32 °

Most Popular