HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: झारखंड से खपाने लाया जा रहा 25...

जशपुर पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: झारखंड से खपाने लाया जा रहा 25 क्विंटल अवैध धान जब्त, रेमने जंगल में घेराबंदी कर पकड़ा

जशपुर/सोनक्यारी: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन के साथ ही बिचौलियों और अवैध कारोबारियों के हौसले पस्त करने के लिए जशपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने एक बार फिर अवैध धान के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए चौकी सोनक्यारी क्षेत्र में 25 क्विंटल धान से लदी पिकअप को धर दबोचा है। झारखंड के रास्ते छत्तीसगढ़ की मंडियों में खपाने की तैयारी में लगे इस अवैध खेप को पुलिस ने रेमने जंगल के पास घेराबंदी कर पकड़ा।

टोकन लेकर खपाने की थी साजिश

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी विकास यादव (25 वर्ष), निवासी सोनक्यारी ने पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी झारखंड से धान खरीदकर लाया था और इसे तलासिली के एक किसान के नाम पर जारी टोकन के जरिए धान उपार्जन केंद्र में ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में था। पुलिस ने जब वाहन क्रमांक JH-07-E-3510 की तलाशी ली, तो उसमें 59 बोरियों में भरा 25 क्विंटल धान बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 57 हजार रुपये बताई जा रही है। मौके पर वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण पुलिस ने धान और वाहन दोनों को जप्त कर लिया है।

जशपुर पुलिस का ‘ऑपरेशन धान’ जारी

जिले में अवैध धान के खिलाफ जशपुर पुलिस का अभियान प्रचंड रूप ले चुका है। पिछले दो दिनों के भीतर ही पुलिस ने फरसाबहार, तुमला, तपकरा और पंडरापाठ जैसे क्षेत्रों में 124 क्विंटल धान पकड़ा था। आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 44 वाहनों से करीब 2,550 क्विंटल अवैध धान जप्त किया जा चुका है। जप्त किए गए माल को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया गया है।

इनकी रही मुख्य भूमिका

इस सफल कार्यवाही में चौकी प्रभारी सोनक्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव सिंह, प्रधान आरक्षक विशाल गुप्ता, आरक्षक विमल मिंज और मशीह तिर्की ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुखबिर तंत्र और सक्रिय पेट्रोलिंग की बदौलत ही सरहदी रास्तों से होने वाली इस तस्करी को रोका जा सका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular