HomeUncategorizedजशपुर में डिजिटल सुरक्षा का नया अध्याय,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया साइबर...

जशपुर में डिजिटल सुरक्षा का नया अध्याय,मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया साइबर थाने का भव्य शुभारंभ


जशपुरनगर। प्रदेश में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और नागरिकों की डिजिटल सुरक्षा को पुख्ता करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इसी कड़ी में आज माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर से वर्चुअली माध्यम से जशपुर जिले के पहले साइबर थाने का उद्घाटन किया। यह सरगुजा संभाग का दूसरा ऐसा थाना है जो विशेष रूप से ऑनलाइन ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे मामलों की जांच करेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुल 8 नवीन साइबर थानों का एक साथ शुभारंभ करते हुए इसे जनता के लिए बड़ी सौगात बताया है।


इस गरिमामयी अवसर पर वर्चुअली रूप से उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक श्री अरुणदेव गौतम और मुख्य सचिव श्री विकास शील सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। जशपुर में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम के दौरान विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, नगरपालिका अध्यक्ष श्री अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री कृष्ण कुमार राय के साथ ही कलेक्टर श्री रोहित व्यास एवं डीआईजी व एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।


कार्यक्रम के दौरान जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने कहा कि जशपुर जिला झारखंड और ओडिशा की सीमाओं से लगा हुआ है, जिसकी वजह से साइबर अपराधों की चुनौतियां यहाँ अधिक रहती हैं। ऑनलाइन बैंकिंग फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़ी शिकायतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए जिले में स्वतंत्र साइबर थाने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब इस थाने के अस्तित्व में आने से स्थानीय स्तर पर ही विवेचना में तेजी आएगी और पीड़ितों को न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।


तकनीकी दक्षता पर जोर देते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने जानकारी साझा की कि इस थाने में विशेष रूप से प्रशिक्षित और तकनीकी रूप से निपुण पुलिस बल की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना ही नहीं बल्कि जनता के बीच जागरूकता फैलाना भी है। आने वाले समय में पुलिस विभाग स्कूलों, कॉलेजों और ग्राम पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाएगा ताकि लोग ओटीपी फ्रॉड और संदिग्ध लिंक्स के खतरों को समझ सकें। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत इस नए थाने में अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES
Jharkhand
clear sky
29.3 ° C
29.3 °
29.3 °
21 %
1.4kmh
0 %
Wed
26 °
Thu
29 °
Fri
29 °
Sat
29 °
Sun
30 °

Most Popular