HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 'ऑपरेशन आघात' के तहत 52 किलो गांजा...

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 52 किलो गांजा जब्त, क्रेटा कार सहित 20 लाख का मशरूका बरामद


जशपुर। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में आरा चौकी पुलिस ने घेराबंदी कर उड़ीसा से तस्करी कर लाए जा रहे 52 किलो 100 ग्राम अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस पूरी कार्यवाही में तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार सहित कुल 20 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।


घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि शनिवार प्रातः मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की क्रेटा कार क्रमांक CG-13-AM-9231 में कुछ लोग उड़ीसा से गांजा लेकर ग्रामीण रास्तों के जरिए जशपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने बीरोपानी काशीबंध जंगल में नाकाबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध कार को आते देख पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोका। कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें से एक आरोपी पुलिस को देखते ही घने जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जबकि दो अन्य को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।


पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहरूख शाह (34 वर्ष) निवासी आजाद मोहल्ला और तारिक अंसारी (27 वर्ष) निवासी कव्वाली मंच, जशपुर के रूप में हुई है। वाहन की तलाशी लेने पर पीछे की डिग्गी में दो बोरियों के भीतर 50 प्लास्टिक पैकेट में भरा हुआ कुल 52 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की बाजार में कीमत लगभग 5 लाख रुपए और जब्त वाहन की कीमत 15 लाख रुपए आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अवैध मुनाफे के लिए उड़ीसा से गांजा लाकर जशपुर में खपाने की फिराक में थे।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार तीसरे आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। इस महत्वपूर्ण कार्यवाही में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी भावेश समरत, निरीक्षक मोरध्वज देशमुख और चौकी प्रभारी चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular