HomeUncategorizedडीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, होली पर...

डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने ली अपराध समीक्षा बैठक, होली पर हुड़दंगियों और तस्करों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई


जशपुर। जिला पुलिस कार्यालय में आज डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले की कानून व्यवस्था का जायजा लिया। इस बैठक में आगामी होली पर्व की तैयारियों, लंबित प्रकरणों के निराकरण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना और चौकी प्रभारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने अनुभागवार लंबित अपराधों, चालान, मर्ग और शिकायतों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने सभी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पुराने मामलों का अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण किया जाए। उन्होंने गौ-तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, जुआ और सट्टा जैसे अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर जोर दिया। विशेषकर सीमावर्ती क्षेत्रों और अंतरराज्यीय मार्गों पर कड़ी नाकाबंदी कर सघन चेकिंग करने को कहा गया है ताकि अवैध परिवहन में संलिप्त वाहनों और एजेंटों पर नकेल कसी जा सके।


आगामी होली त्योहार को देखते हुए जशपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। एसएसपी ने सभी क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकालने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वाले उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों पर पुलिस की टीम पैनी नजर रखेगी। नशे में वाहन चलाने वालों, तीन सवारी बैठाने वालों और तेज रफ्तार से हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए थाना प्रभारियों को निरंतर पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।


पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डीआईजी ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और सूचना देने वालों की गोपनीयता सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने थाना प्रभारियों को हिदायत दी कि कोई भी फरियादी थाने से निराश होकर न लौटे और उनके साथ शालीनता व सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए। विजिबल पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को शाम के समय स्वयं क्षेत्र में पैदल मार्च और गश्त करने को कहा गया है ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पटनवार सहित जिले के सभी एसडीओपी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular