HomeUncategorizedरायगढ़ पुलिस का 'ऑपरेशन प्रहार': घर में घुसकर मारपीट करने वाले 6...

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’: घर में घुसकर मारपीट करने वाले 6 गुंडे गिरफ्तार, SSP ने दी सीधी चेतावनी……


रायगढ़ | 18 मार्च 2026
रायगढ़ पुलिस ने शहर की शांति व्यवस्था भंग करने और घर में घुसकर गुंडागर्दी करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। सत्तीगुड़ी चौक के पास मस्तागली में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना में शामिल 6 आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस कार्रवाई के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि मारपीट, बलवा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध पुलिस का सख्त रुख जारी रहेगा।


घटनाक्रम के अनुसार, 14 मार्च की रात करीब 11:35 बजे प्रार्थी सुखदेव मंडल के घर में तीन अज्ञात युवक जबरन दरवाजा खोलकर अंदर घुस आए। आरोपियों ने वहां मौजूद स्टाफ से गुलदस्ता मांगने की बात को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी। जब सुखदेव मंडल ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और धक्का-मुक्की करते हुए घर के दरवाजों में तोड़फोड़ करने लगे। इस दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और मारपीट पर उतारू हो गए। आसपास के लोगों को इकट्ठा होता देख आरोपी मौके से फरार हो गए थे।


मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गैरजमानतीय धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी देवसिंह चौहान को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देवसिंह चौहान, आशीष सिंह ठाकुर, आदित्य श्रीवास, देवकुमार चौहान, जयकिशन यादव और साहिल सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल ने किया, जिसमें सहायक उप निरीक्षक गौतम सिंह ठाकुर और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular