HomeUncategorized​शादी का झांसा देकर 12 वर्षों तक किया दुष्कर्म, जशपुर पुलिस ने...

​शादी का झांसा देकर 12 वर्षों तक किया दुष्कर्म, जशपुर पुलिस ने आरोपी मुकेश पैंकरा को भेजा जेल

जशपुर जिले के फरसाबहार थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ शादी का झांसा देकर एक युवती का वर्षों तक शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी मुकेश पैंकरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।


घटना का सिलसिला वर्ष 2014 से शुरू हुआ था, जब पीड़िता केवल 14 वर्ष की थी और आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। उसी दौरान गांव के ही 33 वर्षीय आरोपी मुकेश पैंकरा ने उसे प्यार और शादी का झांसा देकर पहली बार अनाचार किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि तब से लेकर अब तक आरोपी लगातार उसे शादी का प्रलोभन देकर उसका शोषण करता रहा। इस दौरान जब पीड़िता काम करने के लिए दूसरे शहर गई, तब भी आरोपी वहां पहुंच जाता था और उसे काम छोड़कर वापस गांव आने के लिए मजबूर करता था।


हाल ही में जब पीड़िता ने शादी के लिए कड़ा दबाव बनाया, तो आरोपी ने 9 अप्रैल 2026 को उसे कोर्ट मैरिज करने के बहाने जशपुर चलने को कहा। रास्ते में जंगल के पास आरोपी ने पीड़िता के साथ फिर से दुष्कर्म का प्रयास किया और मना करने पर शादी न करने की धमकी दी। आरोपी ने जानबूझकर रास्ते में देरी की ताकि कुटुंब न्यायालय बंद हो जाए और शादी टल सके। इसके बाद उसने पीड़िता से शादी करने से पूरी तरह इनकार कर दिया।


पीड़िता की शिकायत पर फरसाबहार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए धारा 376, 376(2)(N) और पॉक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी मुकेश पैंकरा को हिरासत में लिया। पूछताछ में जुर्म स्वीकार करने और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विवेक कुमार भगत सहित महिला प्रधान आरक्षक सुशीला सिंह और अन्य आरक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जशपुर पुलिस महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर कड़ी नजर रख रही है और ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular