HomeUncategorizedमुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साइबर जागरूकता फिल्म "खौफ द डिजीटल वार...

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साइबर जागरूकता फिल्म “खौफ द डिजीटल वार ” की सराहना,सोशल मीडिया पर साझा कर दिया सतर्क रहने का संदेश

रायगढ़ | 12 अप्रैल, 2026
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने साइबर अपराधों के बढ़ते खतरों के बीच जन-जागरूकता की एक अनूठी पहल की सराहना की है। रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह द्वारा निर्मित और अभिनीत शॉर्ट फिल्म “खौफ- द डिजिटल वार” को मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा करते हुए देशवासियों को सतर्क रहने का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में फिल्म में ‘डिजिटल अरेस्ट’ जैसे गंभीर विषय को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की सराहना करते हुए इसे एक समयानुकूल और आवश्यक पहल बताया।


मुख्यमंत्री के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) छत्तीसगढ़ के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से भी इस फिल्म को साझा कर साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने का संदेश प्रसारित किया गया है। शासन द्वारा फिल्म के माध्यम से उठाए गए मुद्दों की प्रशंसा किए जाने से इस अभियान को नई गति मिली है। इस विशेष पहल पर एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका प्रोत्साहन टीम को और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आशीर्वचन से पूरी टीम उत्साहित है और उनके द्वारा फिल्म को साझा किए जाने से जनजागरूकता फैलाने में बड़ी मदद मिलेगी।


गौरतलब है कि रायगढ़ पुलिस द्वारा इस साइबर जागरूकता फिल्म को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए यूट्यूब सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। आगामी कार्ययोजना के तहत जिले के सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स में भी इसे निशुल्क प्रदर्शित करने के लिए संचालकों से समन्वय किया गया है, जिसकी शुरुआत हाल ही में घरघोड़ा स्थित एके सिनेमा में निशुल्क प्रदर्शन के साथ हुई है। इस शॉर्ट फिल्म का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर फ्रॉड के प्रति सचेत करना है ताकि वे ठगी का शिकार होने से बच सकें। रायगढ़ पुलिस अब अपने विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रमों में भी इस फिल्म का प्रदर्शन कर लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular