HomeUncategorizedजशपुर में सड़क सुरक्षा का शंखनाद: कलेक्टर और एसपी की अगुवाई में...

जशपुर में सड़क सुरक्षा का शंखनाद: कलेक्टर और एसपी की अगुवाई में निकली विशाल हेलमेट जागरूकता रैली, नियम तोड़ने वाले अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई……


जशपुर। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए आज एक साझा मुहिम की शुरुआत की। कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत के नेतृत्व में रक्षित केंद्र जशपुर से एक वृहत बाइक हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में पुलिस और नगर सेना के 70 से अधिक जवान शामिल हुए, जिन्होंने शहर के विभिन्न मार्गो जैसे टिकिटगंज, बाघिमा, महाराज चौक, रणजीता स्टेडियम, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और बस स्टैंड से गुजरते हुए “हेलमेट पहनें, सुरक्षित रहें” का संदेश दिया।


इस अभियान के दौरान पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम जनता और जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क हादसों में होने वाली अधिकांश मौतों का मुख्य कारण सिर में लगने वाली गंभीर चोट होती है, जिसे केवल हेलमेट पहनकर टाला जा सकता है। वहीं कलेक्टर रोहित व्यास ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन करना अब केवल सलाह नहीं बल्कि अनिवार्य जिम्मेदारी है। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए निर्देश दिए कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी आम नागरिकों के लिए उदाहरण पेश करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अब दफ्तरों में भी चेकिंग की जाएगी और बिना हेलमेट पाए जाने वाले शासकीय कर्मचारियों पर भी सख्त चालानी कार्रवाई होगी।


कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद कुमार भगत ने नशे में वाहन चलाने और नाबालिगों द्वारा गाड़ी चलाने पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी को यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई। इस रैली में एडीएम प्रदीप साहू, तहसीलदार महेश्वर उइके, डीएसपी यातायात कुंजराम चौहान और जिला परिवहन अधिकारी विजय निकुंज समेत प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने अंत में जिले के समस्त नागरिकों से अपील की कि वे सीट बेल्ट और हेलमेट का नियमित उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और सड़क सुरक्षा को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।

RELATED ARTICLES

Most Popular