HomeUncategorizedजशपुर में पारिवारिक विवाद के बाद जीजा की पीट-पीटकर हत्या, साला और...

जशपुर में पारिवारिक विवाद के बाद जीजा की पीट-पीटकर हत्या, साला और भाभी गिरफ्तार, भेजे गये जेल…..


जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों के कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ चौकी कोतबा क्षेत्र के ग्राम फरसाटोली में एक व्यक्ति की उसके ही साले और भाभी ने मिलकर हत्या कर दी। मृतक मुरली राम यादव (40 वर्ष) का अपने ससुराल पक्ष के साथ पुराना विवाद चल रहा था, जिसका कारण उसका प्रेम विवाह करना बताया जा रहा है।


घटना बीते 30 मार्च की है, जब मृतक के बेटे का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के बाद उसकी पत्नी मिठाई लेकर अपने मायके गई हुई थी, तभी रात करीब 11:00 बजे मुरली राम भी वहाँ पहुँच गया। वहाँ पुरानी रंजिश को लेकर उसका विवाद उसके छोटे साले शिवकुमार यादव और बड़े साले की पत्नी मिथिला यादव से हो गया। बहस के दौरान गुस्साए साले और भाभी ने मुरली को जमीन पर पटक दिया और उसके सीने व पेट पर चढ़कर लात-मुक्कों से जानलेवा हमला किया। इस बीच मिथिला यादव ने डंडे से भी उस पर प्रहार किए।


गंभीर रूप से घायल मुरली राम को इलाज के लिए पहले CHC कोतबा और फिर बेहतर उपचार हेतु सुंदरगढ़ (ओडिशा) के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहाँ उपचार के दौरान 4 अप्रैल को उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सीने में आई गंभीर चोटों के कारण मृत्यु की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया। बागबहार थाना और कोतबा चौकी पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है और दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular