HomeUncategorizedशासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, सब्बल और लाठी-डंडों से हमले...

शासकीय जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, सब्बल और लाठी-डंडों से हमले के आरोपी बाप-बेटे को पुलिस ने किया गिरप्तार, भेजा जेल……

जशपुर/बगीचा: जशपुर जिले के बगीचा थाना अंतर्गत पंडरा पाठ चौकी क्षेत्र में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया, जब एक ही परिवार के तीन लोगों ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। ग्राम अम्बाडीपा (सेंधमार) में हुई इस घटना में पिता और उसके दो बेटों ने मिलकर लाठी, डंडे और लोहे के सब्बल से हमला कर कई लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी जवाहर यादव ने पुलिस को बताया कि उनके घर के पास स्थित शासकीय जमीन का उपयोग उनके पूर्वज लंबे समय से खलिहान और गोठान के रूप में करते आ रहे हैं। इसी जमीन को अपना बताकर गांव के ही मदन यादव और उनके बेटे ठाकुर दयाल व सत्यपाल यादव अक्सर विवाद करते थे। बीते 20 अप्रैल की सुबह जब प्रार्थी के परिवार के सदस्य खलिहान में काम करने गए थे, तभी आरोपियों ने वहां पहुंचकर जमीन पर अपना हक जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हथियारों से हमला कर दिया, जिससे बिहारी यादव, सुमित्रा यादव और जयंती यादव के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

​पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के तुरंत बाद मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल बगीचा में भर्ती कराया। मामले में कार्रवाई करते हुए पंडरा पाठ चौकी पुलिस ने मदन यादव (61 वर्ष), ठाकुर दयाल यादव (36 वर्ष) और सत्यपाल यादव (32 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद पुलिस ने उनके पास से हमले में प्रयुक्त लकड़ी के डंडे और लोहे का सब्बल भी बरामद कर लिया। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।

​इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सतीश कुमार सोनवानी सहित प्रधान आरक्षक विनोद केरकट्टा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले की पुष्टि करते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जमीन विवाद या अन्य किसी भी मामले में हिंसा का सहारा लेने वालों के खिलाफ पुलिस इसी तरह सख्त रवैया अपनाएगी। फिलहाल तीनों आरोपियों को जेल दाखिल कर दिया गया है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular