HomeUncategorizedबगीचा में सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट जागरूकता बाइक रैलीकाआयोजन, सैकड़ों लोगों...

बगीचा में सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट जागरूकता बाइक रैलीकाआयोजन, सैकड़ों लोगों ने हेलमेट पहनकर दिया जागरूकता का संदेश….


जशपुर/बगीचा: सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत आज बगीचा नगर में एक अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बाइक रैली का आयोजन किया गया। जशपुर पुलिस के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल रैली में पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने सैकड़ों की संख्या में हेलमेट पहनकर हिस्सा लिया और शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आम जनता को यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीएम प्रदीप राठिया और एसडीओपी दिलीप कुमार कोसले सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। हाई स्कूल ग्राउंड से शुरू हुई यह रैली शहर के मुख्य मार्गों, बस स्टैंड, तहसील चौक और रौनी रोड जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरी, जहां पुलिस और नागरिकों के इस सामूहिक प्रयास को देख आमजन में काफी उत्साह नजर आया।


आयोजन के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिदाम ने उपस्थित जनसमूह को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट को बोझ न समझकर इसे सुरक्षा कवच के रूप में अपनाएं। डीआईजी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में होने वाली अधिकांश दुखद सड़क दुर्घटनाओं में मौतों का मुख्य कारण सिर में लगने वाली गंभीर चोट होती है, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक टाला जा सकता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हेलमेट को केवल औपचारिकता के लिए नहीं बल्कि सही तरीके से बांधकर पहनना चाहिए और नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी लापरवाही से बचना चाहिए।


नगर पंचायत उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा ने जशपुर पुलिस के इस अभियान की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसी रैलियां समाज में सकारात्मक बदलाव लाती हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं नियमों का पालन करें बल्कि अपने परिवार को भी इसके लिए जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में सोशल मीडिया के माध्यम से भी वीडियो संदेश जारी किए गए ताकि जागरूकता का यह संदेश घर-घर तक पहुंच सके। जशपुर पुलिस ने इस आयोजन के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया है कि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की पहचान है।

RELATED ARTICLES

Most Popular