HomeUncategorizedजशपुर ;सरपंच पद का रौब या कानून को खुली चुनौती? कोर्ट के...

जशपुर ;सरपंच पद का रौब या कानून को खुली चुनौती? कोर्ट के आदेश के बाद भी श्मशान घाट पर दोबारा कब्जे का आरोप, जेसीबी से नाला पाटने पर ग्रामीणों में आक्रोश

रविंद्र यादव ,जशपुर/बगीचा। ग्राम पंचायत छिछली (र) के ग्रामीणों ने प्रशासन को दिए गए लिखित आवेदन में आरोप लगाया है कि गांव के निवासी सावन भावन, पिता स्वर्गीय सोहन ने अपनी पत्नी के वर्तमान में सरपंच पद पर होने का धौंस दिखाते हुए श्मशान घाट की शासकीय भूमि पर दोबारा अतिक्रमण कर लिया है।


ग्रामीणों के अनुसार, ग्राम छिछली र की शासकीय भूमि खसरा नंबर 222, रकबा 25 डिसमिल, जो राजस्व अभिलेखों में मद पानी नीचे के रूप में दर्ज है, पर पहले भी अतिक्रमण किया गया था। इस मामले में न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश जारी किया गया था। हल्का पटवारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन ने उक्त भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए बेदखली की कार्रवाई की थी।


इसके बावजूद ग्रामीणों का आरोप है कि सावन भावन ने पुनः जेसीबी मशीन से मिट्टी डालकर पूरी भूमि को पाट दिया, मेड़ बना दी और प्राकृतिक नाले को अवरुद्ध कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि इस कारण विशेष रूप से यादव समाज को दाह संस्कार के दौरान गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि यह स्थल वर्षों से श्मशान घाट के रूप में उपयोग किया जाता रहा है।


आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित व्यक्ति अपनी पत्नी के सरपंच पद का प्रभाव दिखाकर प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती दे रहा है और न्यायालय के आदेशों की अवहेलना कर रहा है।
ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायालय की अवमानना, शासकीय भूमि पर पुनः अतिक्रमण और नाला अवरुद्ध करने के संबंध में दोषी के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular