HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹2.10 लाख की लूट और हत्या के...

जशपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ₹2.10 लाख की लूट और हत्या के प्रयास का मुख्य आरोपी लक्की सिंह चढ़ा पुलिस के हत्थे…..


कुनकुरी। जशपुर पुलिस ने क्षेत्र के एक आदतन और शातिर अपराधी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सलाखों के पीछे भेज दिया है। डुगडुगिया निवासी रितेश प्रताप सिंह उर्फ लक्की को पुलिस ने खारीझरिया में एक घर में घुसकर लाखों की लूट करने और महिला की हत्या का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी लक्की सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जिला बदर होने के साथ-साथ पुलिस कस्टडी से भागने का भी आरोपी रहा है।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, खारीझरिया निवासी प्रार्थी किया राम यादव ने थाना कुनकुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अप्रैल की रात जब उनका परिवार सो रहा था, तभी आरोपी लक्की सिंह ने उनके घर में घुसकर लूटपाट की। शोर सुनकर जब प्रार्थी बहू के कमरे की ओर दौड़े, तो आरोपी लक्की अपने दो अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग निकला। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने अलमारी से 2 लाख 10 हजार रुपये नगद, मोबाइल और चांदी के जेवरात लूट लिए थे। विरोध करने पर आरोपी ने महिला का मुंह तकिये से दबाकर उसे जान से मारने की कोशिश भी की थी, जिसके चलते पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास की गंभीर धाराएं भी जोड़ी हैं।


मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर श्री लाल उमेद सिंह के निर्देश पर एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। साइबर सेल और पुलिस टीम की संयुक्त कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी लक्की सिंह को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम में से 18 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।


आरोपी लक्की सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि प्रकरण के दो अन्य आरोपी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। इस पूरी कार्रवाई में कुनकुरी पुलिस और साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular