HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की सख्त हिदायत: होटल और लॉज में ठहरने वालों की...

जशपुर पुलिस की सख्त हिदायत: होटल और लॉज में ठहरने वालों की जानकारी अब ‘समाधान’ ऐप पर देना अनिवार्य

जशपुर | 12 मई 2026
जशपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक पुख्ता करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। जिले के पुलिस कप्तान, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने आज होटल और लॉज संचालकों की एक विशेष बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने सुरक्षा संबंधी कड़े निर्देश जारी किए। बैठक में स्पष्ट किया गया कि अब से होटल या लॉज में रुकने वाले हर व्यक्ति की जानकारी छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘समाधान’ मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य होगा।
पुलिस कप्तान डॉ. लाल उमेद सिंह ने बैठक में मौजूद संचालकों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले की शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आगंतुक का पहचान सत्यापन बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी संचालकों को समाधान ऐप पर अपनी आईडी जनरेट करनी होगी और प्रत्येक अतिथि की एंट्री डिजिटल माध्यम से करनी होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई संचालक बिना वैध पहचान पत्र के या ऐप में बिना एंट्री किए किसी भी व्यक्ति को ठहराता है, तो उसके विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


सुरक्षा के अन्य पहलुओं पर चर्चा करते हुए डीआईजी ने संचालकों से अपील की कि वे अपने संस्थान में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को दें। इसके साथ ही, सभी परिसरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके।


इस महत्वपूर्ण बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार और एसडीओपी चंद्रशेखर परमा सहित जिले के प्रमुख होटलों जैसे निरवाना, सिद्धार्थ, प्रेमसुधा, एनेस, सूर्य लॉज, महामाया, राजश्री और सम्राट होटल के संचालक उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी संचालकों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता जताई।

RELATED ARTICLES

Most Popular