HomeUncategorizedजशपुर: युवक को रस्सी से बांधकर पीटने वाले एक ही परिवार के...

जशपुर: युवक को रस्सी से बांधकर पीटने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य गिरफ्तार, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई


जशपुर जिले के बागबहार थाना अंतर्गत ग्राम झारपारा में इंसानियत को ताक पर रखकर एक युवक की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार के सदस्यों ने मिलकर अपने ही पड़ोसी को रस्सी से बांधा और डंडे व लोहे की सरिया से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।


मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि पीड़ित जोगेंद्र बढ़ाई और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से पड़ोसी होने के नाते विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन आरोपियों ने पीड़ित को ‘पागल’ कहकर गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर आरोपी नवीन बंजारा और दिनेश बंजारा ने अपने परिवार की अन्य महिलाओं के साथ मिलकर जोगेंद्र को बंधक बना लिया और मारपीट की। इस दौरान गाँव के ही किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया, जो पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हुआ।


पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित दबिश देकर नवीन बंजारा, दिनेश बंजारा, भगवती बंजारा और अंजुलता बंजारा को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है, जिसके बाद उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस ने उनके पास से मारपीट में प्रयुक्त रस्सी, डंडा और लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट किया है कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular