HomeUncategorizedजशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: नशीली इंजेक्शन की खेप के साथ 5...

जशपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: नशीली इंजेक्शन की खेप के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार….. पढ़िये पूरी खबर

जशपुर, 10 जून। जशपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अंबिकापुर ले जाई जा रही नशीली इंजेक्शन की खेप के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मितान टीम के सहयोग से हाथीसार (किनकेल) जंगल में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को मौके से पकड़ा गया, जबकि एक फरार आरोपी को अंबिकापुर और नशीली इंजेक्शन उपलब्ध कराने वाले मुख्य सप्लायर को झारखंड से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार 9 जून की रात सिटी कोतवाली जशपुर की टीम सारूडीह क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार पुलिस को देखकर जंगल की ओर भागने लगी। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी वाहन छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस मितान टीम की सहायता से हाथीसार जंगल में घेराबंदी कर दीपक लकड़ा, अमन सिंह और आलोक साय को गिरफ्तार कर लिया गया।

कार की तलाशी लेने पर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने यह खेप झारखंड के गुमला जिले के तिगरा निवासी मो. शमशेर खान से खरीदी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सप्लायर मो. शमशेर खान को भी गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार चल रहे आरोपी अरुण राम को अंबिकापुर से पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 865 एमएल Rexogesic (Buprenorphine) इंजेक्शन, 1200 शीशी Avil इंजेक्शन, एक कार, एक मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3 लाख 98 हजार रुपये आंकी गई है।

सभी आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली जशपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(ग) के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

डीआईजी एवं एसएसपी जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान टीम के सहयोग से नशा तस्करों को पकड़ने में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त और प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular