HomeUncategorizedजशपुर: 'हेडजेक्सफंड' के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस ने गिरोह के...

जशपुर: ‘हेडजेक्सफंड’ के नाम पर लाखों की ठगी, पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को दबोचा

बगीचा/जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में निवेश को दोगुना करने का झांसा देकर ग्रामीणों को चूना लगाने वाली एक फर्जी नेटवर्क कंपनी के गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई भोले-भाले ग्रामीणों को अपनी ठगी का शिकार बनाने वाले ‘hedgexfund’ (हेडजेक्सफंड) के छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में शिवशंकर राम, मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह शामिल हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से ठगी की रकम से खरीदी गई एक टोयोटा टायजर कार भी बरामद की है।


इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा प्रार्थिया उर्मिला बाई की रिपोर्ट के बाद हुआ। प्रार्थिया ने बताया कि आरोपियों ने साल 2023 में उसे और उसकी मां को झांसा दिया था कि इस नेटवर्क कंपनी में निवेश करने पर मात्र तीन महीने में पैसा दोगुना हो जाएगा। आरोपियों के भरोसे में आकर प्रार्थिया और उसकी मां ने करीब 2 लाख 10 हजार रुपये का निवेश कर दिया। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने पीड़ितों को एक आईडी और पासवर्ड दिया, जिसमें लॉग-इन करने पर निवेश की गई राशि डॉलर में दिखाई देती थी। लेकिन कुछ समय बाद वह डिजिटल वॉलेट बंद हो गया और जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर डीआईजी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बगीचा और सन्ना क्षेत्र के कई अन्य ग्रामीणों से भी इसी तरह लाखों की ठगी की है। फिलहाल पुलिस ने पांच आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर पीड़ितों की संख्या और ठगी की कुल राशि में बड़ा इजाफा हो सकता है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular