HomeUncategorizedजशपुर में आस्था पर प्रहार: नन्हेसर के प्राचीन शिव मंदिर से फिर...

जशपुर में आस्था पर प्रहार: नन्हेसर के प्राचीन शिव मंदिर से फिर शिवलिंग चोरी, 4 साल बाद फिर वही वारदात, श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश…..

जशपुर | 14 अप्रैल 2026
जशपुर। जिले के बगीचा विकास खंड के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत नन्हेसर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर से एक बार फिर मूर्ति चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। चोरों ने इस पवित्र स्थल को दोबारा निशाना बनाकर क्षेत्र की शांति और श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी चोट पहुँचाई है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 12 अप्रैल 2026 की रात की है। अज्ञात चोरों ने रात के सन्नाटे और अंधेरे का फायदा उठाते हुए मंदिर में प्रवेश किया और प्राचीन शिवलिंग को चुरा ले गए। वारदात का खुलासा तब हुआ जब अगले दिन सुबह भक्त पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुँचे। गर्भगृह से मूर्ति को गायब देख ग्रामीणों के होश उड़ गए और देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई।

2022 में भी हुई थी चोरी

नन्हेसर के इस ऐतिहासिक मंदिर में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले वर्ष 2022 में भी यहाँ से मूर्ति चोरी की गई थी। उस समय मामला काफी चर्चा में रहा था, लेकिन कुछ दिनों बाद चोर ने मूर्ति को वापस मंदिर परिसर में लाकर रख दिया था। एक ही स्थान पर दोबारा चोरी होने से स्पष्ट है कि असामाजिक तत्वों के मन में पुलिस और प्रशासन का कोई खौफ नहीं है।

सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: CCTV का अभाव

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर की सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर नहीं है। मंदिर परिसर में CCTV कैमरा नहीं होने के कारण चोर बार-बार ऐसी वारदातों को अंजाम देने में सफल हो रहे हैं। बार-बार की मांग के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होना अब जन-आक्रोश का कारण बन रहा है

मामले की गंभीरता को देखते हुए सन्ना पुलिस को तत्काल सूचना दी गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की एक विशेष टीम जांच में जुट गई है। पुलिस मंदिर के आसपास के रास्तों और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।
श्रद्धालुओं और ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस बार न केवल मूर्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जाए, बल्कि मंदिर की सुरक्षा के लिए स्थायी इंतजाम भी किए जाएं ताकि भविष्य में आस्था के इस केंद्र के साथ दोबारा खिलवाड़ न हो सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular