HomeUncategorizedबस में तस्करी की जा रही भारी मात्रा में नशीली कफ सिरफ...

बस में तस्करी की जा रही भारी मात्रा में नशीली कफ सिरफ जब्त, ड्राइवर और कंडक्टर समेत तीन गिरफ्तार


तपकरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बस में तस्करी की जा रही भारी मात्रा में नशीली कफ सिरफ जब्त, ड्राइवर और कंडक्टर समेत तीन गिरफ्तार
तपकरा। जशपुर पुलिस ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध एक बड़ी सफलता अर्जित की है। थाना तपकरा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए जशपुर से रायगढ़ की ओर जा रही वासुदेव बस में घेराबंदी की, जहाँ से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरफ बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। तस्करी में प्रयुक्त बस क्रमांक CG-13-Q-1800 को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।


घटना 10 अप्रैल 2026 की रात्रि की है, जब पुलिस को सूचना मिली कि वासुदेव बस में प्रतिबंधित दवाओं की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तत्काल थाने के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की और रात करीब 11:45 बजे बस के पहुँचते ही उसकी सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान बस की डिक्की में रखे दो झोलों से चार कार्टून बरामद हुए, जिनमें प्रतिबंधित कोडीन फास्फेट ऑनरेक्स कफ सिरफ की 480 शीशियाँ भरी हुई थीं। जब्त की गई कुल 48 लीटर नशीली सिरफ की बाजार में कीमत लगभग 96,720 रुपये आंकी गई है।


पुलिस की मनोवैज्ञानिक पूछताछ में बस के कंडक्टर बसंत पटेल, खलासी सतीश कुमार चौहान और ड्राइवर भोला राम ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि वे इस खेप को बिहार के गया जिले से लेकर आए थे और इसे बिक्री के लिए रायगढ़ ले जा रहे थे। तपकरा पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और मामले में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस पूरी कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक राम जी साय पैंकरा सहित थाना तपकरा के आरक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular