HomeUncategorizedजशपुर में फूड पॉइजनिंग का कहर: गोलगप्पे खाने से दर्जनों ग्रामीण बीमार,...

जशपुर में फूड पॉइजनिंग का कहर: गोलगप्पे खाने से दर्जनों ग्रामीण बीमार, 8 की हालत गंभीर……

जशपुर। जिले में गोलगप्पे खाने के बाद अचानक बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय बाजार में एक ठेले पर बिक रही गोलगप्पे खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या दर्जनों में पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


बताया जा रहा है कि गांव के कई लोगों ने एक ही ठेले से गोलगप्पे खाए थे। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें पेट दर्द, उल्टी और बेचैनी जैसी समस्याएं होने लगीं। ये सभी लक्षण फूड पॉइजनिंग की ओर इशारा करते हैं। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से गांव में दहशत फैल गई। गोलगप्पे खाने वाले लोगों में कई बच्चे भी शामिल है।


8 ग्रामीणों की हालत गंभीर
प्रभावित लोगों में से 8 ग्रामीणों की हालत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें तुरंत कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए है।

गांव में लगाया गया मेडिकल कैंप
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। जिन लोगों में हल्के लक्षण थे, उनके इलाज के लिए गांव में ही एक अस्थायी मेडिकल कैंप लगाया गया। यहां दर्जनों मरीजों का प्राथमिक उपचार किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इलाज के बाद सभी मरीजों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और लोगों से अपील की है कि वे बाहर के खाद्य पदार्थों का सेवन करते समय सतर्कता बरतें।

RELATED ARTICLES

Most Popular