HomeUncategorizedRAIGARH ; ऑनलाइन फ्रेंडशिप पड़ी महंगी: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती...

RAIGARH ; ऑनलाइन फ्रेंडशिप पड़ी महंगी: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला साइबर अपराधी बिहार से गिरफ्तार

ऑनलाइन फ्रेंडशिप पड़ी महंगी: इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर युवती को ब्लैकमेल करने वाला साइबर अपराधी बिहार से गिरफ्तार

रायगढ़ | सोशल मीडिया पर दोस्ती के नाम पर छल करने और निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाले एक अंतरराज्यीय साइबर अपराधी को रायगढ़ पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती के मोबाइल में APK फाइल के जरिए एक्सेस हासिल कर उसकी निजी जानकारी चुराई और ब्लैकमेल कर 13 हजार रुपये ऐंठ लिए थे।

इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लैलूंगा क्षेत्र की 23 वर्षीय पीड़ित युवती की पहचान लगभग 6 साल पहले इंस्टाग्राम पर अविनाश उर्फ राजा (निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) से हुई थी। आरोपी ने पहले युवती को प्रेमजाल में फंसाकर उसके निजी फोटो-वीडियो हासिल किए। इसके बाद आरोपी ने युवती को एक APK फाइल भेजकर उसे डाउनलोड कराया और उसका एक्सेस कोड ले लिया।

डेटा चुराकर परिजनों को भी किया परेशान

मोबाइल का एक्सेस मिलते ही आरोपी के पास युवती की कॉन्टैक्ट लिस्ट, निजी फोटो और डेटा पहुंच गया। आरोपी ने अंतरंग तस्वीरें रिश्तेदारों और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। डर के मारे युवती ने आरोपी को तीन किस्तों में कुल ₹13,000 ऑनलाइन भेजे। इसके बावजूद आरोपी का मन नहीं भरा और उसने पीड़िता के परिजनों को संपर्क कर बदनाम करने का प्रयास किया।

पुलिस ने मुजफ्फरपुर में दी दबिश, आरोपी जेल भेजा गया

पीड़िता की शिकायत पर साइबर थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच (IP एड्रेस) के आधार पर बिहार के मुजफ्फरपुर (बेला थाना क्षेत्र) में दबिश दी।
पुलिस ने आरोपी अविनाश चौधरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि उसने यूट्यूब से हैकिंग सीखकर इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

🚨 एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह की अपील:

“सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती न करें, किसी के कहने पर संदिग्ध APK फाइल या लिंक डाउनलोड न करें और न ही निजी फोटो-वीडियो शेयर करें। ब्लैकमेलरों से डरकर उन्हें पैसे न दें। यदि कोई परेशान करे, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।”

RELATED ARTICLES

Most Popular