HomeUncategorizedझारखंड से तस्करी कर लाया जा रहा 230 क्विंटल धान जशपुर पुलिस...

झारखंड से तस्करी कर लाया जा रहा 230 क्विंटल धान जशपुर पुलिस ने पकड़ा, ट्रक और ट्रैक्टर जब्त

जशपुर। छत्तीसगढ़ में जारी धान खरीदी सीजन के दौरान सीमावर्ती राज्यों से अवैध धान की आवक रोकने के लिए जशपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में लोदाम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने झारखंड से तस्करी कर लाए जा रहे एक ट्रक और एक ट्रैक्टर को रोककर कुल 230 क्विंटल धान बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 5 लाख 29 हजार रुपए आंकी गई है।

​पहली कार्रवाई ग्राम भलमंडा चौक के पास हुई, जहाँ पेट्रोलिंग टीम ने ट्रैक्टर क्रमांक CG-14-MR-7224 को रोककर तलाशी ली। इसमें 30 क्विंटल धान लदा पाया गया। ट्रैक्टर चालक सत्यमूर्ति तिर्की ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह यह धान कीतम (झारखंड) से लेकर जशपुर के बोडोकछार निवासी देवघन राम के पास जा रहा था। वहीं दूसरी बड़ी कार्रवाई साईं टांगर टोली के पास की गई, जहाँ ट्रक क्रमांक CG-04-MC-5664 से 200 क्विंटल धान जब्त किया गया। ट्रक चालक बबन सिंह ने बताया कि यह धान रांची के दिवाकर सिंह का है। दोनों ही मामलों में चालक धान के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

​पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धान और वाहनों को जब्त कर आगे की कार्यवाही के लिए जिला प्रशासन को सौंप दिया है। इस पूरी कार्रवाई में लोदाम थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन चौरासे, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा और आरक्षक महेश्वर यादव की विशेष भूमिका रही। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि जशपुर पुलिस अब तक सरहदी क्षेत्रों से लाए जा रहे 2600 क्विंटल से अधिक अवैध धान को पकड़ चुकी है और बिचौलियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular