HomeUncategorizedजशपुर में 1 जून से सजेगी कला की पाठशाला: 'उल्लास समर कैम्प'...

जशपुर में 1 जून से सजेगी कला की पाठशाला: ‘उल्लास समर कैम्प’ में खैरागढ़ के विशेषज्ञ सिखाएंगे पेंटिंग और नृत्य के गुर….. पढिये पूरी खबर

जशपुर। आज के आधुनिक दौर में जहां हर चीज़ कुछ ही मिनटों में उपलब्ध हो जाती है, वहीं बच्चों और युवाओं के लिए अपनी रचनात्मकता को समय देना बेहद आवश्यक हो गया है। मोबाइल और सोशल मीडिया में अधिक समय बिताने की आदत से हटकर रचनात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़िया क्लाउड अ सोशियो कल्चरल ऑर्गेनाइजेशन द्वारा 1 जून से 15 जून तक “उल्लास समर कैम्प 26” का आयोजन किया जा रहा है।

यह 15 दिवसीय समर कैम्प विशेष रूप से जशपुर के बच्चों, किशोरों और युवाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न कला विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कैम्प में चित्रकला विषय के अंतर्गत पोर्ट्रेट, स्टील लाइफ, नेचर स्टडी, स्केचिंग और ड्राइंग आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। चित्रकला प्रशिक्षण के लिए रायगढ़ और चंपा से कलाकार सुमन साहू एवं टेसु सूर्यवंशी का आगमन हो रहा है। दोनों कलाकारों ने राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय से बैचलर इन फाइन आर्ट की शिक्षा प्राप्त की है।

समर कैम्प में नृत्य की दो विधाओं—भरतनाट्यम और वेस्टर्न डांस—का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण मनीषा भगत द्वारा प्रदान किया जाएगा, जिन्होंने राजकुमारी इन्दिरा सिंह कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से भरतनाट्यम में स्नातक एवं स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है। मनीषा ने राज्य के कई अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों में अपनी सेवाएं दी हैं तथा अनेक बड़े मंचों पर प्रस्तुति भी दी है। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को शास्त्रीय नृत्य की मुद्राएं, आसन, भाव और शरीर संचालन की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही वेस्टर्न डांस में भी गति, ताल और अभिव्यक्ति पर विशेष अभ्यास कराया जाएगा।

कैम्प में विभिन्न विषयों के प्रशिक्षण का समय अलग-अलग निर्धारित किया गया है। समर कैम्प पूर्ण करने वाले प्रतिभागियों को संस्था की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही संस्था के विभिन्न सांस्कृतिक आयोजनों में प्रस्तुति देने का अवसर भी मिलेगा। विशेष रूप से प्रतिभागियों को संस्था के वार्षिक आयोजन “जशरंग राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव” में मंच प्रदान किया जाएगा।

संस्था के सदस्यों ने बताया कि किसी भी कला को सीखने के लिए केवल 15 या 20 दिनों का प्रशिक्षण पर्याप्त नहीं होता, बल्कि निरंतर अभ्यास और एकाग्रता की आवश्यकता होती है। इसी उद्देश्य से संस्था द्वारा विभिन्न कला विषयों की नियमित कक्षाएं भी संचालित की जाएंगी। वर्तमान में भरतनाट्यम की नियमित कक्षाएं सोमवार से शनिवार तक संचालित की जा रही हैं।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी संस्था के कार्यालय पुरानी टोली, जशपुर में संपर्क कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular