HomeUncategorizedऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने घर की बाड़ी से पकड़े 40 गांजा...

ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने घर की बाड़ी से पकड़े 40 गांजा पौधे, आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली में एक आरोपी के घर की बाड़ी से अवैध रूप से उगाए गए 40 नग गांजा के पौधे जब्त किए हैं। मामले में पुलिस ने आरोपी विजय सिंह (58 वर्ष) निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 को थाना लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी अपने घर के आंगन के पास बाड़ी में भारी मात्रा में गांजा के पौधे उगा रहा है तथा उन्हें छिपाने के लिए चारों ओर प्लास्टिक नेट और साड़ी से घेरा बनाया गया है।

सूचना के आधार पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना लोदाम पुलिस, गवाहों और एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान पुलिस ने बाड़ी में लगे छोटे-बड़े कुल 40 गांजा पौधे बरामद किए।

जब्त पौधों में 18 बड़े पौधे, जिनकी अधिकतम ऊंचाई लगभग 4 फीट 7 इंच थी, तथा 22 छोटे पौधे शामिल हैं। जड़, तना और पत्तियों सहित इन पौधों का कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार 300 रुपये बताई गई है।

पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर थाना लोदाम में उसके खिलाफ धारा 20(A) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, प्रधान आरक्षक अमित सिंह, आरक्षक बूटा सिंह, बसंत खुटिया, हेमंत कुजूर तथा महिला आरक्षक प्रतिमा तिग्गा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस नशे के कारोबारियों पर लगातार नजर रखे हुए है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular