HomeUncategorizedजशपुर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई: 5 आरक्षकों पर अनुशासनात्मक गाज, 3 सेवा...

जशपुर एसएसपी की बड़ी कार्रवाई: 5 आरक्षकों पर अनुशासनात्मक गाज, 3 सेवा से बर्खास्त……

जशपुर, 30 मई। जशपुर जिले के पुलिस कप्तान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कर्तव्य के प्रति घोर अनुशासनहीनता, उदासीनता और स्वेच्छाचारिता बरतने वाले पांच पुलिस आरक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच के बाद तीन आरक्षकों को सेवा से पृथक कर दिया गया, जबकि दो अन्य को गंभीर दंड दिया गया है।

पुलिस रेगुलेशन नियम 221(अ) के तहत की गई कार्रवाई में आरक्षक क्रमांक 737 संतोष कुमार राम, आरक्षक क्रमांक 525 नेल्सन तिग्गा तथा आरक्षक क्रमांक 394 अशोक कुमार एक्का को लंबे समय तक अनधिकृत अनुपस्थिति और बार-बार अनुशासनहीनता करने का दोषी पाए जाने पर सेवा से पृथक कर दिया गया।

वहीं आरक्षक क्रमांक 47 इरीमियस कुजूर को एक वेतन वृद्धि के बराबर धनराशि की कटौती संचयी प्रभाव से तथा आरक्षक क्रमांक 144 बिंदेश्वर राम को एक वर्ष के लिए आरक्षक के न्यूनतम वेतनमान पर लाने का दंड दिया गया है, जिसका प्रभाव उनकी भविष्य की वेतन वृद्धि एवं पेंशन पर भी पड़ेगा।

जांच में सामने आया कि संबंधित आरक्षक वर्षों से बार-बार बिना अनुमति के लंबे समय तक गैरहाजिर रहते रहे। संतोष कुमार राम ने 13 वर्षों की सेवा में 469 दिन, नेल्सन तिग्गा ने 17 वर्षों में 923 दिन और अशोक कुमार एक्का ने 20 वर्षों में 1151 दिन तक अनधिकृत अनुपस्थिति दर्ज कराई थी। इसके बावजूद उन्हें कई बार सुधार का अवसर दिया गया, लेकिन उनके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया।

इसी प्रकार इरीमियस कुजूर 17 वर्षों की सेवा में 139 दिन तथा बिंदेश्वर राम 18 वर्षों की सेवा में 216 दिन तक अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। विभागीय जांच और सेवा अभिलेखों के परीक्षण के बाद दोनों पर दंडात्मक कार्रवाई की गई।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और स्वेच्छाचारिता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular