HomeUncategorizedरायगढ़ पुलिस की कार्रवाई: शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण...

रायगढ़ पुलिस की कार्रवाई: शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने वाला आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार


रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में महिला संबंधी अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के लिए संचालित ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को शिकायत दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


मामले का खुलासा तब हुआ जब 26 जुलाई 2026 को 24 वर्षीय पीड़िता ने महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, चक्रधरनगर क्षेत्र में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वाले नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू से हुई थी। आरोपी ने पीड़िता को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का वादा किया और विश्वास में लेकर उसके साथ रहने लगा। इसके बाद 1 जनवरी 2026 से जुलाई 2026 तक आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर महिला का शारीरिक शोषण करता रहा। लेकिन जब 21 जुलाई 2026 को पीड़िता ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने स्पष्ट रूप से मना कर दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता व गवाहों के बयान दर्ज किए और चिकित्सीय परीक्षण के बाद आरोपी के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी 35 वर्षीय नरेन्द्र कुमार बारिक उर्फ राजू, पिता नरेन्द्र कुमार बारिक, मूलतः ग्राम जगन्नाथ प्रसाद नवासाही, थाना भंडारी पोखरी, जिला भद्रक (ओडिशा) का निवासी है, जो वर्तमान में चक्रधरनगर रायगढ़ स्थित टीधी टावर के पास किराए के मकान में रह रहा था।


महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता, प्रधान आरक्षक संदीप भगत, राजेश उरांव और आरक्षक हेमंत एक्का की इस त्वरित कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही। मामले में एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पीड़ित महिलाओं से बिना किसी डर के सामने आकर शिकायत दर्ज कराने की अपील की और कहा कि ‘अभियान संवेदना’ के तहत ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular