HomeUncategorizedरायगढ़: जमीन विवाद में 76 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या, 24...

रायगढ़: जमीन विवाद में 76 वर्षीय बुजुर्ग की टांगी मारकर हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार, नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी के विवाद में हुई वारदात, हत्या में प्रयुक्त टांगी और रक्तरंजित कपड़े जब्त

रायगढ़ | 27 जुलाई 2026

रायगढ़ जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर साजापाली में 76 वर्षीय बुजुर्ग बंधन राम पण्डो की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, 25 जुलाई को मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो ने रैरूमाखुर्द चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि खेत से लौटने पर उनके पिता गांव के मकरदम उर्फ मुड़ी माझी के साथ जमीन विवाद को लेकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी ने टांगी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नजूल जमीन पर कब्जे और सीमा विवाद को लेकर वर्षों से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में उसने टांगी से हमला कर हत्या की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने गए रक्तरंजित कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया से करें, हिंसा का रास्ता अपनाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular