HomeUncategorizedजशपुर : महिला को अकेला देख घर में घुसा आरोपी, छेड़छाड़ के...

जशपुर : महिला को अकेला देख घर में घुसा आरोपी, छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार…. पढ़िये पूरी खबर

जशपुर। जशपुर जिले के लोदाम थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना लोदाम क्षेत्र के एक गांव की 34 वर्षीय महिला ने 26 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 जून की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच वह घर में अकेली थी। इसी दौरान क्षेत्र के एक ढाबा संचालक मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार (42 वर्ष) उसके घर में घुस आया और गलत नियत से उसके साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकत करने लगा।


पीड़िता के विरोध करने पर आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उसके पति को छोड़कर अपने साथ रहने का दबाव बनाया और जबरदस्ती करने का प्रयास किया। आरोपी की हरकत से भयभीत महिला चिल्लाते हुए घर से बाहर निकल गई, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी महिला ने अपने पति को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए लोदाम पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 74, 331(3), 296 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(ब), 3(2)(V)(क) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मंजीत सिंह उर्फ बिल्ला सरदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं से जुड़े अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है और ऐसे मामलों में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular