HomeUncategorizedशासकीय NES कॉलेज जशपुर का बी.लिब.आई.एससी. का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत; टॉपर रुपाली,...

शासकीय NES कॉलेज जशपुर का बी.लिब.आई.एससी. का रिजल्ट रहा शत-प्रतिशत; टॉपर रुपाली, परीना और देवानंद ने बढ़ाई विभाग की शान, सत्र 2026-27 के लिए आवेदन शुरू…..

रविंद्र यादव ,जशपुर। शासकीय आर.बी.आर.एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर के ग्रंथालय एवं सूचना विज्ञान विभाग ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। महाविद्यालय के बी.लिब.आई.एससी. (बैचलर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस) पाठ्यक्रम का इस वर्ष का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परीक्षा परिणाम की खास बात यह रही कि विभाग के सभी विद्यार्थियों ने सत्तर प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्रावीण्य सूची में रुपाली खाखा ने 80.75 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, परीना पैकरा ने 80.62 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और देवानंद यादव ने 79.75 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त कर पूरे कॉलेज का नाम रोशन किया है।


महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की सतत मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय में उपलब्ध सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। विभागाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि डिजिटल युग में पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान का क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों के लिए इस क्षेत्र में रोजगार और करियर की अपार संभावनाएं उपलब्ध हैं। इस कोर्स को पूरा करने के बाद छात्र केंद्रीय विद्यालय (KVS), नवोदय विद्यालय (NVS), एकलव्य मॉडल स्कूल (EMRS), DSSSB, विभिन्न विश्वविद्यालयों, शोध संस्थानों और निजी क्षेत्रों में शानदार करियर बना सकते हैं।

नए सत्र (2026-27) के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रारंभ

विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बी.लिब.आई.एससी. पाठ्यक्रम में ऑनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस एक वर्षीय व्यावसायिक पाठ्यक्रम में कुल पचास सीटों पर प्रवेश दिया जाना है, जिसके लिए चयन प्रक्रिया पूरी तरह से मेरिट पर आधारित होगी। विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी इस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए पात्र माने जाएंगे।


विभाग में विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकालय विज्ञान के साथ-साथ डिजिटल सूचना प्रबंधन का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कॉलेज परिसर में छात्रों के लिए कंप्यूटर लैब, ई-लाइब्रेरी, समृद्ध पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासरूम और करियर काउंसलिंग जैसी बेहतरीन व्यवस्थाएं की गई हैं। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर समय रहते अपनी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular