HomeUncategorizedजशपुर :सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले 02 गुड सेमेरिटन...

जशपुर :सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वाले 02 गुड सेमेरिटन नागरिकों प्रियांश भगत एवं श्रवण कुमार भगत को जशपुर पुलिस ने किया सम्मानित…..

जशपुर, 07 जुलाई 2026। सड़क दुर्घटना में घायलों की समय पर मदद कर उनकी जान बचाने वाले दो गुड सेमेरिटन (राहवीर) नागरिकों को जशपुर पुलिस ने सम्मानित किया। डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने प्रियांश भगत एवं श्रवण कुमार भगत को प्रशस्ति पत्र और हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही भारत सरकार की राह वीर (गुड सेमेरिटन) योजना के तहत दोनों को ₹25-25 हजार की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई।

जशपुर पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटना में घायलों की त्वरित सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। राह वीर योजना, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके तहत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद के “गोल्डन आवर” के भीतर अस्पताल या ट्रॉमा सेंटर पहुंचाने वाले नागरिक को ₹25 हजार की नकद प्रोत्साहन राशि और प्रशस्ति पत्र दिया जाता है।

जानकारी के अनुसार, प्रियांश भगत (निवासी ओल्ड पावर हाउस, रायगढ़ रोड, जशपुर) ने 10 फरवरी 2026 को ग्राम आटापाठ के पास सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं श्रवण कुमार भगत (निवासी ग्राम बालाछापर) ने 31 जनवरी 2026 को एनएच-43 पर सड़क दुर्घटना में घायल दो लोगों को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला घंटा यानी गोल्डन आवर सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान घायल को समय पर उपचार मिल जाए तो उसकी जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील और जागरूक नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जशपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर बिना किसी भय के घायलों की सहायता करें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि गुड सेमेरिटन नागरिकों को कानून द्वारा संरक्षण प्राप्त है और उनकी मानवीय पहल को शासन द्वारा सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular