HomeUncategorizedजशपुर पुलिस के विवेचकों को मिले 104 स्मार्ट मोबाइल, अब डिजिटल और...

जशपुर पुलिस के विवेचकों को मिले 104 स्मार्ट मोबाइल, अब डिजिटल और वैज्ञानिक तरीके से होगी अपराधों की जांच

जशपुर। जशपुर जिले में अपराध अनुसंधान को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस मुख्यालय रायपुर द्वारा ASUMP Scheme 2025-26 के तहत जशपुर पुलिस को 104 सैमसंग स्मार्ट मोबाइल उपलब्ध कराए गए हैं। इन मोबाइलों का वितरण डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिले के सभी विवेचकों को किया।

पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश कुमार जायसवाल तथा उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ भी मौजूद रहे।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि इन स्मार्ट मोबाइलों के माध्यम से विवेचक घटनास्थल का फोटो और वीडियो दस्तावेजीकरण, ई-साक्ष्य संकलन, गवाहों के डिजिटल बयान, जब्ती की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से एकत्र कर सकेंगे। इससे विवेचना अधिक पारदर्शी, वैज्ञानिक और प्रभावी बनेगी।

उन्होंने बताया कि तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों पर आधारित जांच से न्यायालय में आरोपियों के खिलाफ मजबूत प्रमाण प्रस्तुत करने में मदद मिलेगी, जिससे दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया और अधिक सशक्त होगी।

जशपुर पुलिस के अनुसार यह पहल अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने, विवेचना को आधुनिक बनाने और पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular