HomeUncategorizedजशपुर के लोरो घाट में भीषण सड़क हादसा: पुलिस और ग्रामीणों ने...

जशपुर के लोरो घाट में भीषण सड़क हादसा: पुलिस और ग्रामीणों ने 3 घंटे के रेस्क्यू में कटर से केबिन काटकर बचाई तीन जानें

जशपुर। जशपुर जिले के लोरो घाट में बीते बुधवार (15 जुलाई) की शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। धनबाद (झारखंड) से कोयला लेकर रायपुर की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रक (क्रमांक JH-02-AM-6041) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सुरक्षा रेलिंग से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया। इस हादसे में वाहन मालिक और चालक समेत कुल तीन लोग ट्रक के केबिन में ही बुरी तरह फंस गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस मितान के सदस्यों ने करीब तीन घंटे तक चले बेहद कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कटर मशीन से केबिन को काटकर तीनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


हादसे की सूचना मिलते ही थाना दुलदुला पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग, डायल-112, फायर ब्रिगेड और एम्बुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुँचीं। स्थिति को नाजुक देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. लाल उमेद सिंह भी स्वयं घटनास्थल पर पहुँचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की कमान संभाली। घंटों की मशक्कत और कटर मशीन से स्टीयरिंग व केबिन के हिस्सों को काटकर तीनों घायलों को बाहर निकाला गया, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल जशपुर में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, फिलहाल तीनों की स्थिति स्थिर बनी हुई है।


सफल रेस्क्यू के बाद डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने पुलिस टीम, अग्निशमन दल, पुलिस मितान और स्थानीय ग्रामीणों के उत्कृष्ट टीमवर्क की जमकर सराहना की। उन्होंने घोषणा की है कि साहस दिखाने वाले पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, संकट के समय मानवता दिखाने वाले आम नागरिकों के नाम ‘गुड सेमिरिटन’ (नेक नागरिक) योजना के तहत लाभ दिलाने के लिए प्रशासन को भेजे जाएंगे।


डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने आम जनता से अपील करते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटना होने पर घबराने या घटनास्थल से भागने के बजाय तुरंत डायल-112 या नजदीकी थाने को सूचना दें। उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आने को कहा और बताया कि संकट की घड़ी में आमजन का एक सही कदम और समय पर दी गई सूचना किसी भी घायल व्यक्ति के लिए जीवनदायी साबित हो सकती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular