HomeUncategorizedजशपुर में आकाशीय बिजली का कहर : पंडरापाठ के बरपाठ में तेज...

जशपुर में आकाशीय बिजली का कहर : पंडरापाठ के बरपाठ में तेज बारिश और गरज-चमक के दौरान हुआ हादसा, एक गाय और तीन बछड़ों की गई जान; ग्रामीणों ने मुआवजे की उठाई मांग…..

जशपुर। जिले में सोमवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने बड़ा नुकसान पहुंचा दिया। तेज बारिश और गरज-चमक के बीच पंडरापाठ क्षेत्र के बरपाठ गांव में आकाशीय बिजली गिरने से चार मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से पशुपालकों को भारी आर्थिक क्षति हुई है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2 बजे पंडरापाठ क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया। तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चरने गई गायें पास के एक पेड़ के नीचे आकर खड़ी हो गईं। इसी दौरान पेड़ के समीप आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से चारों मवेशियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों के अनुसार, मृत पशुओं में एक बड़ी गाय और तीन बछड़े शामिल हैं। इनमें तीन मवेशी पंडरापाठ निवासी लहर कोरवा के, जबकि एक मवेशी पारस नाथ नागेसिया का बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। एक साथ चार मवेशियों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। प्रभावित पशुपालकों ने बताया कि पशुपालन ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है और इस हादसे से उन्हें बड़ा आर्थिक झटका लगा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित पशुपालकों को शासन के नियमानुसार शीघ्र मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। साथ ही राजस्व एवं पशु चिकित्सा विभाग से घटना का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई करने की भी अपील की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular