HomeUncategorizedजशपुर में 'ऑपरेशन शंखनाद' के तहत बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गौ-मांस के...

जशपुर में ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत बड़ी कार्रवाई, 55 किलो गौ-मांस के साथ 10 आरोपी गिरफ्तार…..


जशपुर (छत्तीसगढ़)। जिले में अवैध गतिविधियों और गौ-तस्करी व गौ-वध के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। चौकी कोतबा पुलिस ने ग्राम बैगाबहार में घेराबंदी कर 55 किलोग्राम गौ-मांस के साथ 10 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, औजार और बिक्री की रकम भी जब्त कर ली है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह लगभग 9:00 बजे चौकी कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैगाबहार और रोकबहार के कुछ युवक तड़के बैगाबहार बरगोड़ा क्षेत्र में एक गौ-वंश का वध कर उसका मांस आपस में बांटने और बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस टीम ने तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और सर्च अभियान चलाया।


सर्चिंग के दौरान आरोपी रंजीत एक्का की हीरो मोटरसाइकिल (CG 13 W 8714) पर बंधी बोरी से पुलिस को 55 किलोग्राम गौ-मांस बरामद हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी रंजीत एक्का ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गौ-वंश का वध किया था। पुलिस ने मौके से 55 किलो गौ-मांस, एक मोटरसाइकिल, मांस काटने में इस्तेमाल की गई टांगी, छुरी, रस्सी और बिक्री से प्राप्त ₹2,000 नगद जब्त किए हैं।
मामले में पुलिस ने ग्राम बैगाबहार निवासी रंजीत एक्का, राकेश तिर्की, मेघनाथ तिर्की, विनय तिग्गा, अमलेश तिग्गा, हीरा लाल तिर्की, ग्राम रोकबहार निवासी मनमोहन तिग्गा, अब्राहम कुजूर तथा हाई स्कूल पारा कोतबा निवासी संजय तिग्गा और अनूप भगत को हिरासत में लिया है।


सभी 10 आरोपियों के विरुद्ध चौकी कोतबा में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6 और 10 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है। इस कार्रवाई में थाना तुमला पुलिस और कोतबा चौकी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


मामले की जानकारी देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि कोतबा क्षेत्र से गौ-मांस के साथ 10 आरोपियों को पकड़ा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे अपराधों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में ‘ऑपरेशन शंखनाद’ के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular