HomeUncategorizedजशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही: 'ऑपरेशन आघात' के तहत 112...

जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही: ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 112 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

जशपुर और रायगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्यवाही: ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत 112 किलो गांजा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
पत्थलगांव: नशे के विरुद्ध जारी अभियान ‘ऑपरेशन आघात’ के अंतर्गत जशपुर और रायगढ़ पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर एक टोयोटा इलियट कार से करीब 112 किलो 770 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश और बिहार के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।


घटना का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 12 अप्रैल को रायगढ़ के लैलूंगा पुलिस से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध कार भारी मात्रा में गांजा लेकर जशपुर के पत्थलगांव की ओर बढ़ रही है। लैलूंगा पुलिस लगातार उस वाहन का पीछा कर रही थी। सूचना पर तत्काल कार्यवाही करते हुए पत्थलगांव थाना प्रभारी विनीत कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुरानी बस्ती के पास मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। दोपहर करीब 2:00 बजे जब पुलिस ने संदिग्ध टोयोटा इलियट कार (DL-3CB-5298) को रोकने की कोशिश की, तो चालक ने रुकने के बजाय कार की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान तस्करों की कार अनियंत्रित होकर एक नाले के गड्ढे में जा फंसी, जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर संजीव कुमार नट (निवासी इटावा, यूपी) और विजय पंडित (निवासी वैशाली, बिहार) को हिरासत में लिया।


कार की गहन तलाशी लेने पर पीछे की सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 7 प्लास्टिक की बोरियों में खाखी टेप से लिपटे हुए 108 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 112 किलो 770 ग्राम गांजा भरा था। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप ओडिशा के संबलपुर से खरीदकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। पुलिस ने गांजे सहित तस्करी में प्रयुक्त 2 लाख रुपये मूल्य की कार को भी जब्त कर लिया है, जिससे कुल जप्ती 56 लाख रुपये की हुई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना पत्थलगांव में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(2)(C) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस सफल कार्यवाही में जशपुर और रायगढ़ जिले की पुलिस टीमों की समन्वित और महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular