HomeUncategorizedजशपुर: डिजिटल होंगे सरकारी काम, iGOT कर्मयोगी कोर्स नहीं किया तो रुकेगा...

जशपुर: डिजिटल होंगे सरकारी काम, iGOT कर्मयोगी कोर्स नहीं किया तो रुकेगा वेतन; कलेक्टर के कड़े निर्देश


जशपुर। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को साप्ताहिक समय सीमा की बैठक में शासकीय कार्यप्रणाली को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब जिले के सभी विभागों को e-office, SPARROW और eHRMS पोर्टल के माध्यम से ही अपने कार्यों का संचालन करना होगा। कलेक्टर ने ‘वन बोर्ड’ की अनिवार्यता पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यालयों को इस सिस्टम से जुड़ना होगा। इसके अंतर्गत अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवा संबंधी दस्तावेज जैसे नियुक्ति, पदस्थापना, प्रमोशन आदेश और अन्य महत्वपूर्ण डेटा को अनिवार्य रूप से अपडेट करना होगा। ई-ऑफिस के माध्यम से ही नोटशीट और फाइलें आगे बढ़ाई जाएंगी।


प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्टर ने सभी शासकीय सेवकों को iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर तीन कोर्स अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इन कोर्स के प्रमाण पत्र कोषालय में जमा होने के बाद ही संबंधित अधिकारी या कर्मचारी का वेतन जारी किया जाएगा। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर श्री अनीकेत अशोक और अपर कलेक्टर श्री प्रदीप कुमार साहू सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने इस दौरान राज्यपाल श्री रमेन डेका के प्रवास के दौरान दिए गए निर्देशों के अक्षरशः पालन की बात भी दोहराई।
जनहित और सुरक्षा के मुद्दों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच करने और गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजने को कहा। नशा मुक्ति की दिशा में उन्होंने स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में मादक पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने और पार्सल गोदामों की पुलिस जांच के निर्देश दिए। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण, सड़क सुरक्षा हेतु हेलमेट जागरूकता, किसानों के लिए खाद की पर्याप्त आपूर्ति और प्राकृतिक आपदा प्रभावितों को त्वरित मुआवजा राशि देने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular