HomeUncategorizedजशपुर : जमीनी विवाद मे दबंगों ने ट्रैक्टर से रौंदी...

जशपुर : जमीनी विवाद मे दबंगों ने ट्रैक्टर से रौंदी आदिवासी परिवार की फसल, विरोध पर मां-बहन से बदसलूकी, सरपंच समेत 10 पर FIR दर्ज….पढ़िये पूरी खबर।

जशपुर। जशपुर जिले के अजाक थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टुकूपखना (थाना पत्थलगांव) में जमीन विवाद को लेकर एक आदिवासी परिवार पर जानलेवा हमला, गाली-गलौज और महिला से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। प्रार्थी संजय बड़ा और उनके परिवार की लिखित शिकायत पर पुलिस ने पत्थलगांव के सरपंच समेत 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और अनुसूचित जाति-जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, प्रार्थी संजय बड़ा का परिवार ग्राम टुकूपखना स्थित अपनी पैतृक भूमि पर धान की खेती कर जीवन-यापन करता है। 17 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 10:00 बजे आरोपी भगवानों यादव, प्रेमचंद, नरेन्द्र यादव, पदमन, दिलबंधु, जगबंधु, नवीन यादव, बिछी यादव, दसई यादव और ग्राम सरपंच गरीब साय एक राय होकर कुदाल, लाठी और अन्य हथियारों से लैस होकर जबरन खेत में घुस आए। आरोपियों ने वहां काम कर रहे प्रार्थी के परिवार को जातिसूचक गालियां देते हुए खेत से बाहर खदेड़ दिया।


आरोप है कि हमलावरों ने दो ट्रैक्टरों के जरिए खेत में खड़ी धान की फसल को पूरी तरह से रौंदकर नष्ट कर दिया और जमीन पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की। जब प्रार्थी की मां मीलो बड़ा ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की बहन ससीता बड़ा के साथ भी आरोपियों ने अश्लील हरकतें कीं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने छेड़छाड़ करते हुए उसे बलात्कार की धमकी दी और जबरन घसीटने का प्रयास किया। जब प्रार्थी ने बीच-बचाव किया, तो उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर अजाक थाना में अपराध क्रमांक 02/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी 10 आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 189, 191, 329, 324, 115, 74, 351(2), 351(3) तथा SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराएं 3(1)(f), 3(1)(w)(i), 3(1)(द), 3(1)(घ) के तहत केस पंजीकृत किया है। जशपुर पुलिस का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी तथ्यों की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular