HomeUncategorizedजशपुर : पारिवारिक विवाद में बहू ने रची ससुर की हत्या...

जशपुर : पारिवारिक विवाद में बहू ने रची ससुर की हत्या की साजिश, तीन साथियों संग पहुंची सलाखों के पीछे……

जशपुर। जशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक सनसनीखेज अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते मृतक की बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 70 वर्षीय ससुर की हत्या की साजिश रची थी।


पुलिस के अनुसार, थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी 70 वर्षीय चुगरू प्रधान 4 जुलाई को अपने घर में मृत अवस्था में मिले थे। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने में जुट गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। साइबर तकनीक, मुखबिरों से मिली सूचना और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली।
जांच में खुलासा हुआ कि मृतक की बहू सुगंती बेसरा का अपने ससुर से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने साहिल उर्फ राजा खान, आनंद यादव और रोहित सिंह के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। 3-4 जुलाई की मध्यरात्रि चारों आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से हमला किया, फिर हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।


पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। प्रत्येक गंभीर अपराध का वैज्ञानिक तरीके से त्वरित खुलासा कर दोषियों को कानून के कठघरे तक पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular