HomeUncategorizedजशपुर पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक: अब लंबित मामलों पर होगी सख्त...

जशपुर पुलिस की बड़ी समीक्षा बैठक: अब लंबित मामलों पर होगी सख्त कार्रवाई, हेलमेट चेकिंग भी तेज…. पढ़िये पूरी खबर


जशपुर | 07 जुलाई 2026
जशपुर जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने, लंबित मामलों के त्वरित निपटारे और अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस विभाग ने पूरी तरह से कमर कस ली है। दिनांक 06 जुलाई 2026 को पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह की अध्यक्षता में एक हाई-लेवल अनुविभागवार अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना व चौकी प्रभारी और शाखा प्रभारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।


अच्छा काम करने वाले होंगे पुरस्कृत, लापरवाही पर गिरेगी गाज
समीक्षा बैठक के दौरान एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने थाना और चौकीवार लंबित अपराधों, चालान, मर्ग और शिकायतों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि अब मामलों की विवेचना के लिए समय निर्धारित कर दिया गया है और तय अवधि के भीतर ही पेंडिंग मामलों की जांच पूरी करनी होगी। बेहतर और तेजी से काम करने वाले थाना या चौकी प्रभारियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि विवेचना में कोताही या लापरवाही बरतने वाले विवेचकों के खिलाफ विभागीय दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राजपत्रित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे विवेचकों के कार्यों की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करें ताकि मामलों में आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।


तस्करी और अवैध गतिविधियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’
डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों में किसी भी स्तर पर संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने गौ-तस्करी, गांजा, नशीली दवाओं व अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जुआ-सट्टा और अवैध हथियारों के मामलों को भी गंभीरता से निपटाने के लिए कहा गया। सायबर क्राइम पर लगाम लगाने के लिए सायबर सेल प्रभारी उप पुलिस अधीक्षक श्री भावेश कुमार समरथ को निर्देशित किया गया कि वे थानों को तकनीकी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएं ताकि ऑनलाइन ठगी और सायबर पोर्टल के मामलों का त्वरित निराकरण हो सके।


‘पुलिस मितान’ बनेंगे समाज और खाकी के बीच का मजबूत सेतु
सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए जशपुर पुलिस की ‘पुलिस मितान’ पहल पर विशेष जोर दिया गया। सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के पुलिस मितानों से नियमित संपर्क में रहने और समय-समय पर बैठकें करने को कहा गया है। इन पुलिस मितानों के माध्यम से गांवों और वार्डों तक यातायात सुरक्षा, सायबर अपराध से बचाव, नशा मुक्ति और महिला-बाल सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस मितान केवल सूचना देने वाले नहीं, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास का एक सशक्त माध्यम हैं, जिससे जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को मजबूती मिलेगी।


विजिबल पुलिसिंग: शाम को खुद सड़कों पर उतरेंगे थाना प्रभारी
थाने आने वाले फरियादियों की समस्याओं को लेकर एसएसपी ने बेहद संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति थाने से निराश होकर न लौटे, बल्कि सभी के साथ शालीन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए ताकि शिकायतकर्ता की थाने में ही उचित सुनवाई हो सके और उन्हें जिला मुख्यालय आने की आवश्यकता न पड़े। गांवों से आने वाली शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित ग्राम के ‘प्रभारी सुरक्षा अधिकारी’ को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए निगरानी और गुंडा बदमाशों को नियमित रूप से थाने बुलाकर और उनके घरों पर जाकर चेकिंग की जाएगी। इसके साथ ही शाम के समय थाना प्रभारी खुद ‘विजिबल पुलिसिंग’ के तहत क्षेत्र में पैदल मार्च और कॉम्बिंग गश्त करेंगे।


हेलमेट न पहनने और यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ाई
सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोकने के लिए जशपुर पुलिस अब कड़ा रुख अपनाने जा रही है। जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में बैरिकेड लगाकर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, ट्रिपल लोडिंग करने वालों, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने, मोबाइल का उपयोग करने और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि जशपुर पुलिस का मुख्य लक्ष्य एक्सीडेंट से होने वाली मौतों को कम करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular