HomeUncategorizedजशपुर में अवैध खाद बिक्री पर कार्रवाई 70 बोरी डीएपी और 7...

जशपुर में अवैध खाद बिक्री पर कार्रवाई 70 बोरी डीएपी और 7 बोरी यूरिया जब्त, बिना लाइसेंस चल रही दो दुकानें बंद…..

प्रखर संवाद ,जशपुर। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश पर जिले में कृषि विभाग द्वारा उर्वरक एवं बीज विक्रेताओं के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं पर कार्रवाई की गई।

सबसे पहले ग्राम पंचायत सन्ना स्थित किसान कृषि सेवा केन्द्र का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पाया गया कि केंद्र में बिना पीओएस (POS) मशीन के किसानों को खाद का विक्रय किया जा रहा था। इसे उर्वरक विक्रय नियमों का उल्लंघन मानते हुए संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई तथा केंद्र से 35 बोरी डीएपी खाद जब्त की गई।

इसके बाद कृषि विभाग की टीम ने पंडरापाठ क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहां बिना लाइसेंस संचालित दो दुकानों में अवैध रूप से बीज एवं खाद का विक्रय किया जा रहा था। विभाग ने दोनों दुकानों को तत्काल बंद कराते हुए संचालकों को निर्देश दिया कि वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही दुकान का संचालन करें।

वहीं सुलेसा में भी एक किराना दुकान में अवैध रूप से खाद की बिक्री करते हुए पाया गया। कार्रवाई करते हुए विभाग ने दुकान से 35 बोरी डीएपी एवं 7 बोरी यूरिया जब्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों की रक्षा तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिलेभर में यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण एवं कार्रवाई के दौरान वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लालसाय केरकेट्टा, उर्वरक निरीक्षक श्रीमती क्रुसलीना मिंज एवं ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी ऋषिकेश मिश्रा उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular