HomeUncategorizedजशपुर: वज्रपात से एक युवक की मृत्यु, जशपुर पुलिस ने की सतर्क...

जशपुर: वज्रपात से एक युवक की मृत्यु, जशपुर पुलिस ने की सतर्क रहने की अपील… पढ़िये पूरी खबर

जशपुर | 20 जुलाई 2026

जशपुर जिले में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा 19 जुलाई 2026 की शाम करीब 4:30 बजे किनकेल घाट के समीप देशदेखा क्षेत्र में हुआ। घटना के बाद जशपुर पुलिस ने आम नागरिकों से वर्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भुरसा थाना कुनकुरी निवासी गौरव खलखो (25 वर्ष) अपने दोस्तों के साथ कार से पिकनिक मनाने देशदेखा क्षेत्र गया था। इसी दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और तेज गर्जना, बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश थमने पर सभी साथी खुले मैदान में फोटो खिंचवाने के लिए उतर गए। तभी अचानक आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आने से गौरव खलखो गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया।

साथियों ने तत्काल उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत का कारण वज्रपात की चपेट में आना पाया गया है।

पुलिस ने जारी की सुरक्षा अपील

जशपुर जिले के वन एवं पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा ऋतु के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने जिलेवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि मौसम खराब होने, तेज गर्जना, बिजली चमकने या बारिश के दौरान खुले मैदान, खेत, पहाड़ी क्षेत्रों, जंगलों और ऊंचे पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। ऐसी स्थिति में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में शरण लें। बिजली के खंभों, हाईटेंशन तारों, मोबाइल टावरों, नदियों, तालाबों और जलाशयों से भी दूरी बनाए रखें। ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में रहने वाले लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर विशेष ध्यान दें और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करें।

जशपुर पुलिस का संदेश:
“सावधानी ही सुरक्षा है। मौसम खराब होने पर सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और जीवन की रक्षा करें।”

RELATED ARTICLES

Most Popular