HomeUncategorizedजशपुर ; सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई: अस्पताल से चोरी हुई...

जशपुर ; सिटी कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई: अस्पताल से चोरी हुई हीरो मैस्ट्रो स्कूटी के साथ आरोपी जागेश्वर गिरफ्तार

जशपुर। जिला अस्पताल परिसर से स्कूटी चोरी करने वाले आरोपी को जशपुर की सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

अस्पताल ड्यूटी के दौरान हुई थी चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल जशपुर में मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट के पद पर कार्यरत प्रार्थिया अनिमा लकड़ा (35 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई 2026 की सुबह लगभग 9:15 बजे उन्होंने अपनी हीरो मैस्ट्रो स्कूटी (क्रमांक CG 10 U 5513) को अस्पताल परिसर के सिटी स्कैन यूनिट के पास पार्क किया था। दोपहर करीब 2:15 बजे जब वे ड्यूटी से लौटीं, तो स्कूटी वहां से गायब थी। शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ अपराध क्रमांक 218/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।

चाबी लगी देख डोला ईमान, पहचान छिपाने के लिए मिटाया नंबर

जांच के दौरान 13 जुलाई 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मिलन चौक के पास एक संदिग्ध व्यक्ति स्कूटी के साथ घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी जागेश्वर विश्वकर्मा (35 वर्ष), निवासी ग्राम तमया (थाना सन्ना, जशपुर) को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि अस्पताल परिसर में खड़ी स्कूटी में चाबी लगी देखकर उसका ईमान डोल गया था और उसने गाड़ी पार कर दी। चोरी करने के बाद वह स्कूटी अपने गांव ले गया और पहचान छिपाने के लिए उसने गाड़ी के आगे और पीछे लिखे नंबरों को मिटा दिया था। लेकिन जैसे ही वह स्कूटी लेकर दोबारा जशपुर आया, पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सका।

पुलिस की अपील: वाहन चालक अपनी गाड़ियों को पार्क करते समय यह सुनिश्चित करें कि चाबी गाड़ी में न छूटे। आपकी एक छोटी सी लापरवाही चोरों को बड़ा मौका दे सकती है।

एसपी जशपुर के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोर ध्वज देशमुख, सहायक उप निरीक्षक मनोज सिंह, प्रधान आरक्षक अनंत मिराज किस्पोट्टा, आरक्षक शोभनाथ सिंह और विनोद तिर्की की सराहनीय भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular