HomeUncategorizedजशपुर :766 गांवों में एक साथ जन चौपाल लगाकर जशपुर पुलिस ने...

जशपुर :766 गांवों में एक साथ जन चौपाल लगाकर जशपुर पुलिस ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

जशपुर, 25 जून। सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता के क्षेत्र में जशपुर पुलिस ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दिन में जिले के सभी 766 गांवों में जन चौपाल आयोजित कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। हेलमेट जागरूकता अभियान के तहत चलाए गए इस विशेष अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया है।

जशपुर पुलिस द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य जिले के प्रत्येक गांव और अंतिम व्यक्ति तक हेलमेट पहनने तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश पहुंचाना था। अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक किया गया।

गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की राज्य प्रमुख सोनल राजेश शर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह को प्रमाण-पत्र और मेडल प्रदान किया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे इस जागरूकता अभियान की सराहना की।

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस द्वारा व्यापक जनसहभागिता आधारित सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 18 अप्रैल 2026 को हेलमेट जागरूकता रैली के साथ की गई थी।

अभियान के तहत जशपुर, पत्थलगांव, कुनकुरी, बगीचा सहित जिले के विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों में हेलमेट जागरूकता रैलियां निकाली गईं, जिनमें 10 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया। वहीं, मुख्यमंत्री, जिले के प्रभारी मंत्री, वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के 3 हजार से अधिक गणमान्य नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से हेलमेट पहनने की अपील करते हुए वीडियो संदेश जारी किए।

जशपुर पुलिस ने अब तक 60 हजार से अधिक लोगों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए गठित 5 हजार से अधिक “पुलिस मितानों” ने भी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस मितानों, जिला प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों को देते हुए विश्वास जताया कि ग्राम स्तर पर चलाए गए इस जागरूकता अभियान से आने वाले समय में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोग हेलमेट पहनने की आदत को आत्मसात करेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular