HomeUncategorizedरायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,रील के चक्कर में जान जोखिम में ...

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई,रील के चक्कर में जान जोखिम में नही डाले SSP शशि मोहन सिंह ने खुद बुलाकर दी समझाइश…..

रायगढ़, 12 जून।
सोशल मीडिया पर महज कुछ व्यूज और सस्ती लोकप्रियता बटोरने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक बाइक स्टंट करने वाले युवकों पर रायगढ़ पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर जानलेवा स्टंट कर रहे पांच युवकों को पुलिस टीम ने पकड़ा है, जिन्हें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के समक्ष पेश किया गया। एसएसपी ने इन सभी युवकों को भविष्य में ऐसा न करने की कड़ी समझाइश दी, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा इन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही पुलिस ने उस पूरे क्षेत्र में मुस्तैदी बढ़ाते हुए पेट्रोलिंग तेज कर दी है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब मेडिकल कॉलेज के पीछे एकताल रोड पर पाइप लाइन कार्य के लिए समतल की गई सड़कनुमा भूमि पर कुछ बाइकर्स और कंटेंट क्रिएटर्स द्वारा खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वीडियो में युवक ऊंचाई से नीचे तेज रफ्तार में बाइक कुदाते हुए अपनी जान दांव पर लगाते नजर आ रहे थे। वीडियो वायरल होने के बाद उस सुनसान इलाके में स्टंट देखने और करने वाले युवकों की भारी भीड़ जुटने लगी थी, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना होने की पूरी आशंका बनी हुई थी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने तत्काल डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह एवं चक्रधरनगर थाना प्रभारी राकेश मिश्रा को ऐसे कृत्यों में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए संबंधित स्थल पर अस्थाई अवरोधक लगाए और निगरानी बढ़ा दी। इसके बावजूद कल फिर से पांच युवक उसी स्थान पर दोबारा बाइक स्टंट करने पहुंच गए, जिन्हें घेराबंदी कर पुलिस टीम द्वारा रंगे हाथों पकड़ लिया गया।


पकड़े गए युवकों को जब एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, तो उन्होंने बेहद संजीदगी से सभी को समझाया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से अपने जीवन को खतरे में डालना बिल्कुल भी उचित नहीं है। एसएसपी ने जिले के सभी अभिभावकों से भी भावुक अपील की है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें और उन्हें ऐसे जोखिमपूर्ण कार्यों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। पुलिस प्रशासन अब इस मार्ग पर दोबारा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए वहां स्थाई अवरोधक और कंसर्टिना कॉयल (धारदार कटीले तार) लगाने की तैयारी कर रहा है।


डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह ने इस कार्रवाई के संबंध में बताया कि पकड़े गए सभी स्टंटबाज युवकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के कड़े प्रावधानों के तहत चालानी कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस ने आम जनता को स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थलों पर स्टंटबाजी करने, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने तथा आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ आगे भी लगातार इसी तरह की सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular