HomeUncategorizedRAIGARH ; मामूली विवाद में अधेड़ की बेरहमी से हत्या, ग्राम कोटवार...

RAIGARH ; मामूली विवाद में अधेड़ की बेरहमी से हत्या, ग्राम कोटवार और उसके बेटे सहित 3 गिरफ्तार; तमनार पुलिस का 24 घंटे में खुलासा


रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम उरबा में खाने के बाद पत्तल फेंकने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक 37 वर्षीय अधेड़ की लाठी-डंडों और चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। तमनार पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के 24 घंटे के भीतर ही मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल ग्राम का कोटवार, उसके बेटे और एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 30 मई 2026 की रात की है। मृतक दामोदर राठिया ने गांव के कोटवार हरिराम चौहान को अपने घर भोजन पर बुलाया था। खाना खाने के बाद इस्तेमाल किए गए पत्तल को बाहर फेंकने की बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि कोटवार हरिराम चौहान, उसका बेटा आकाश चौहान और एक नाबालिग हिंसक हो उठे। तीनों ने मिलकर दामोदर पर लाठी-डंडे और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
इसी दौरान मृतक के बहनोई अवधराम राठिया अपनी छोटी बेटी के साथ वहां पहुंचे। उन्होंने दामोदर को लहूलुहान हालत में पिटते देख जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दामोदर को एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमनार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अवधराम राठिया की रिपोर्ट पर पुलिस ने तमनार थाने में अपराध क्रमांक 122/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। आरोपियों की निशानदेही और मेमोरेंडम कथन के आधार पर वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा और चाकू बरामद कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


इस पूरे मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि क्षणिक आवेश में की गई हिंसा सिर्फ हत्या और जेल का रास्ता खोलती है, जिससे पूरा हंसता-खेलता परिवार बिखर जाता है। उन्होंने अपील की है कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और आपसी संवाद के माध्यम से ही किया जाना चाहिए। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।


इस अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे में सुलझाने में एडिशनल एसपी अनिल सोनी और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव, एएसआई शशिदेव भोई, प्रधान आरक्षक बनारसी लाल सिदार, आरक्षक पुष्पेंद्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार, रंजीत भगत और डोल नारायण सिदार की सराहनीय व महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular