HomeUncategorizedसब्जी बनाने के विवाद में हैवान बना पति: डंडे से वार कर...

सब्जी बनाने के विवाद में हैवान बना पति: डंडे से वार कर गर्भवती पत्नी की हत्या, 2 साल की बच्ची को लेकर हुआ था फरार, आरोपी सलाखों के पीछे

जशपुर (छत्तीसगढ़) | 09 फरवरी 2026

​जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ महज सब्जी पकाने जैसी मामूली बात पर हुए विवाद में एक पति ने अपनी 6 माह की गर्भवती पत्नी की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी दो साल की मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

​मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका कमला विश्वकर्मा ने कुछ साल पहले आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा (27 वर्ष) के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों की एक दो साल की बेटी थी और कमला वर्तमान में 6 माह की गर्भवती थी। कुछ समय से दोनों ग्राम बेलसुंगा में रह रहे थे, लेकिन घटना से एक सप्ताह पहले ही आरोपी अपनी पत्नी और बच्ची को लेकर नारायणपुर स्थित अपने नाना के घर (ग्राम ढोठीपहरी) आया था।

मामूली विवाद औरखूनी अंत

​6 फरवरी 2026 की शाम करीब 7:30 बजे पति-पत्नी के बीच सब्जी बनाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी स्वदेश ने आवेश में आकर पास पड़े लकड़ी के डंडे से कमला के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण कमला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी गिरफ्तारी के डर से अपनी छोटी बच्ची को साथ लेकर जंगल के रास्ते फरार हो गया था।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

​प्रार्थी जेठू विश्वकर्मा (मृतिका के पिता) की शिकायत पर नारायणपुर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। फॉरेंसिक विशेषज्ञों और दंडाधिकारी की उपस्थिति में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया।

​पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी की घेराबंदी की और उसे उसके गृह ग्राम ढोढीबहार (चौकी दोकड़ा) से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।

आरोपी पर कड़ी कार्रवाई

​पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। हत्या में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

​इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नारायणपुर के साथ सउनि उमेश प्रभाकर, प्र.आर. उमेश मिंज और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular